घर-घर जाकर मतदाता को जागरूक कर रही जीविका दीदी


गणेश कुमार स्वामी   2024-04-29 08:52:50



आसन्न (आगामी) लोकसभा चुनाव को महापर्व के रूप में मानने के लिए नालंदा लोकसभा सीट पर चोरसुआ पंचायत की सभी जीविका समूहों द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं को मतदान हेतु जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। मतदाता जागरूकता अभियान का नेतृत्व जीविका सामुदायिक समन्वयक अणु कुमारी व बुक कीपर चन्दन कुमार कर रहे हैं। 

चोरसुआ ग्राम संगठन में शामिल जल, तारा, विकास, प्रकाश, रौशनी जीविका समूह से जुड़ी महिलाओं को संबोधित करते हुए सीसी अणु कुमारी ने कहा की ग्रामीण क्षेत्रों में तकरीबन हरेक परिवार से कोई न कोई महिला सदस्य जीविका से जुड़ी हुई हैं। जिससे अधिक से अधिक मतदान प्रतिशत बढ़ाने में हमारे संगठन की भूमिका भी सबसे ज्यादा बढ़ जाती है। 

वहीं, बुक कीपर चन्दन कुमार ने कहा, की जीविका दीदी के द्वारा आने वाले समय में मतदाता जागरूकता हेतु   रंगोली प्रतियोगिता, मेंहदी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। जिसमें स्कूली बच्चे अपने माता–पिता को अपने भविष्य के लिए अवश्य मतदान करने हेतु प्रेरित करेंगे। जीविका दीदी द्वारा बनो देश के भाग्य विधाता! अब जागो प्यारे मतदाता!! नारा लगाते हुए चोरसुआ, बकरा, लक्ष्मीपुर मोहल्ले में रैली निकाली गई व अनेक स्थानों पर रंगोली सजाकर मतदान का सन्देश दिया गया।