पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र कुमार बिश्नोई ने मतदान के दौरान चाक-चौबंद सुरक्षा के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए


गणेश कुमार स्वामी   2024-04-25 04:04:36



लोकसभा चुनाव निष्पक्ष व भयमुक्त करवाने को लेकर पुलिस और प्रशासन ने व्यापक स्तर पर तैयारी कर ली है। अजमेर जिला पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र कुमार बिश्नोई ने सभी मतदाताओं से भय मुक्त होकर अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की है। उन्होंने कहा, की लोकतंत्र के इस महोत्सव में अपने मताधिकार का प्रयोग करना केवल हमारा अधिकार ही नहीं अपितु नैतिक कर्तव्य भी है। इसलिए अपने कर्तव्य का पालन अवश्य करें। पुलिस आपकी सुरक्षा के लिए सदैव सजग और तत्पर है।

दरअसल, राजस्थान में दुसरे चरण में 13 सीटों पर 26 अप्रैल को मतदान होना है। जिसके लिए पुलिस एवं प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ लगा हुआ है। पूर्णतया निष्पक्ष और भयमुक्त मतदान के लिए हर संभव प्रयास पुलिस और प्रशासन द्वारा किए जा रहे हैं। वहीं, मतदान प्रतिशत बढाने को लेकर भी पूरे प्रयास किए जा रहे हैं। 

इसी कड़ी में अजमेर लोकसभा सीट पर 26 अप्रैल को होने वाले मतदान को लेकर जिला पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र कुमार बिश्नोई ने आज तैयारियों की समीक्षा की साथ ही चुनावों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। 

देवेन्द्र कुमार बिश्नोई के अनुसार निष्पक्ष, निर्भय और शांतिपूर्वक मतदान करवाने के लिए 5 हजार 718 पुलिसकर्मियों और अधिकारियों को ड्यूटी पर लगाया गया है। अजमेर लोकसभा क्षेत्र में 168 क्रिटिकल बूथ जिला प्रशासन और पुलिस ने चिह्नित किए हैं। इनमें राजनीतिक पार्टियों की ओर से दी गई क्रिटिकल बूथ की सूची भी शामिल है। उन्होंने बताया कि क्रिटिकल बूथ पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम होंगे। साथ ही इन बूथों पर वीडियोग्राफी भी होगी। वहीं, अजमेर लोकसभा क्षेत्र में 121 संवेदनशील बूथ भी चिह्नित किए गए हैं।

उन्होंने बताया, कि राजस्थान में दूसरे चरण में 26 अप्रैल को अजमेर लोकसभा क्षेत्र में मतदान होगा। इसके लिए 2 हजार 347 पुलिसकर्मियों और अधिकारियों को अन्य जिलों से ड्यूटी के लिए बुलाया गया है, जबकि कुल 5 हजार 718 पुलिस के जवान और अधिकारियों को ड्यूटी पर लगाया गया है। इनमें 1 हजार 250 होमगार्ड भी शामिल हैं। एसपी बिश्नोई ने बताया कि जयपुर, चूरू, दौसा, जीआरपी समेत अन्य जगहों से 2 हजार 54 पुलिसकर्मी और पुलिस अधिकारी ड्यूटी के लिए बुलाए गए हैं।

अजमेर लोकसभा की बात की जाए तो यह सीट हिंदू और मुस्लिम समुदाय की धार्मिक आस्था का केंद्र है। जहां एक तरफ अजमेर में ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की दरगाह है, तो वहीं पुष्कर में ब्रह्मा का एकमात्र मंदिर है। अजमेर लोकसभा सीट पर साढे 19 फीसदी मतदाता अनुसूचित जाति के हैं। इनकी संख्या करीब 363,121 है। इसी प्रकार अनुसूचित जनजाति के मतदाताओं की संख्या 3 फीसदी यानी 55,865 हैं। निर्वाचन विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक यहां मुस्लिम मतदाता लगभग 235,631 हैं। यह संख्या कुल मतदाता संख्या के सापेक्ष करीब 12.7 फीसदी है। इस लोकसभा क्षेत्र के 66.3 फीसदी यानी 1,234,611 मतदाता ग्रामीण हैं। वहीं 627,547 यानी 33.7 फीसदी मतदाता शहरी हैं। 2019 के लोकसभा चुनावों में यहां कुल मतदाताओं की संख्या 1862158 थी। इनमें से 67 फीसदी लोगों ने मतदान किया था। अजमेर संसदीय क्षेत्र में 7 विधानसभा सीटे हैं, जिनमें पुष्कर, अजमेर नॉर्थ, अजमेर साउथ, नसीराबाद, मसूदा, केकड़ी, किशनगढ़ और जयपुर की दूदू सीट शामिल हैं।