पत्थर गिरोह के छह सदस्य गिरफ्तार, चोरी का माल खरीदने वालों को भी पुलिस ने दबोचा


गणेश कुमार स्वामी   2024-04-16 08:04:03



छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला सहित अन्य जिलों में एक के बाद एक सूने मकान की रेकी कर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले अंतर्राज्यीय पत्थर गिरोह के छह आरोपियों और उनसे चोरी की जेवरात खरीदने वाले वाले 02 आरोपियों को रायगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरों के पास से डेढ किलो चांदी, नकद रकम के अलावा मोबाइल फोन और चोरी में उपयोग किये जाने वाले औजारों को जब्त किया है। आरोपियों को रायगढ़ पुलिस की टीम अलिराजपुर मध्यप्रदेश से गिरफ्तार कर रायगढ़ लाई है। 

आरोपियों ने अपने बयान में रायगढ़ जिले के कृष्णा विहार कोलानी (थाना कोतरारोड़), ग्राम बेलारी, मुरालीपाली में जगह (थाना भूपदेवपुर), सांगीतराई (थाना जूटमिल) में चोरी के अलावा राज्य के अन्य कई जिलों में चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। गिरोह का मास्टर मांइड आलम सिंह बामनिया और सूर्या उर्फ सुअर मोहनिया है, दोनों पुलिस की गिरफ्त में हैं। पत्थर गिरोह के सदस्य घूम-घूम कर पहले घरों की रैकी करते और फिर घटना को अंजाम देते हैं। इस गैंग में शामिल 16 व्यक्तियों ने चोरी के लिये अलग-अलग 04 गैंग बनाए हैं। 

दरअसल, फरवरी माह में कोतरारोड थाना क्षेत्र के कृष्णाविहार कालोनी स्थित अंकित अग्रवाल के सुने मकान में 06-07 फरवरी की रात अज्ञात आरोपी दरवाजे का लॉक तोड़कर अंदर आलमारी का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात करीब 1 लाख 35 हजार रूपये के चोरी कर ले गये थे। इस संबंध में थाना कोतरारोड़ में अज्ञात आरोपी पर अपराध धारा 457, 380 आईपीसी के तहत कायम किया गया था। इसी दरम्यान शहर में हुई अन्य चोरियों को भी गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल द्वारा माल मुल्जिम की शीघ्र तलाश के लिये डीएसपी (साइबर सेल) अभिनव उपाध्याय के नेतृत्व में साइबर सेल और थाना कोतरारोड़ की संयुक्त टीम का गठन किया गया।  

पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज बिलासपुर डॉ0 संजीव शुक्ला के दिशा-निर्देशन पर गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी और माल आदि की बरामदगी के लिये जिला रायगढ़, बलौदा बाजार, दुर्ग की संयुक्त विशेष टीम गठित की गई। पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल के मार्गदर्शन पर डीएसपी अभिनव उपाध्याय के नेतृत्व में विशेष टीम को अलिराजपुर, धार, झाबुआ (मध्यप्रदेश) के लिये रवाना किया गया। पुलिस टीम द्वारा अलिराजपुर के विभिन्न इलाकों में आरोपियों की सघन तलाशी कर गिरोह की 02 महिला- पेमली बाई, गम बाई और 02 पुरूष- चाम सिंह बामनिया, जालम मोहनिया को हिरासत में लिया गया जिनसे पूछताछ कर इनसे चोरी की सामाग्री खरीदी करने वाले अलिराजपुर के 02 व्यक्ति-रोहित सोनी, दिलीप सोनी को गिरफ्तार कर कुल 06 आरोपियों का स्थानीय न्यायालय में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर लेकर रायगढ़ लाया गया।  

गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ पर इनके एक अन्य साथी सूर्या उर्फ सुअर को पुलिस ने कोतरारोड के किरोड़ीमल क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। इस गैंग के सदस्यों ने 15 दिसंबर को ग्राम बेलारी (भूपदेवपुर) में तथा ग्राम मुरालीपाली में 17-18 फरवरी की रात दो घरों में चोरी की है तथा 19 फरवरी को जूटमिल के सांगीतराई के मकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। अब तक गिरफ्तार 08 आरोपियों के मेमोरेंडम पर थाना कोतरारोड़, थाना भूपदेवपुर तथा थाना जूटमिल में हुई चोरी की वारदातों का खुलासा हुआ है।  

रैकी करते पकड़ा सरगना

डीएसपी अभिनव की टीम द्वारा पत्थर गिरोह के मास्टर माइंड आलम सिंह बामनिया को 07 अप्रैल को जूटमिल इलाके में रैकी करते समय संदिग्ध अवस्था में हिरासत में लिया गया। जिससे पूछताछ में उसने कोतरारोड़ व जिले के अन्य क्षेत्रों में अपने गिरोह के सदस्यों के साथ चोरी करना कबूल किया। जिसे 04 दिन पुलिस रिमांड पर लेकर विस्तृत पूछताछ कर गिरोह के सदस्यों की जानकारी ली गई। आरोपी से प्राप्त जानकारी को अन्य जिलों से साझा किया गया।   

आरोपियों के पास से जब्त संपत्ति 

पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के पास से कुल 1.445 किलोग्राम चांदी के आभूषण कीमत करीब 1,10,000 रूपये। खर्च के बाद बची नकद रकम कुल 19 हजार 670 रूपये, 06 मोबाइल, औजार-02 स्क्रू पाना, 02 प्लास, 04 पेचकस, 01 हेक्सा ब्लेड, रॉड, कटर, टार्च, कपडे का मास्क। जुमला, कीमत करीब 1 लाख 48 हजार रूपये जब्त किया है। 

गिरोह की वारदात का तरीका  

गिरोह के सदस्य अपने थैले में पाना, पेचकस, पत्थर रखे होते थे। दिन के समय घूम-घूम कर सुने घरों की रैकी और रात में सुनियोजित तरीके से चोरी की घटना को अंजाम देते थे। आरोपी स्थानीय ज्वेलर्स दिलीप सोनी और उसके बेटे रोहित सोनी के पास चोरी का माल बेचते थे। ज्वेलर्स उन जेवरातों को पिघला कर उनसे नये आभूषण बना कर दुकान पर बेचता था।  

इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी

1. आलम सिंह बामनिया पुत्र ढूढीया बामनिया उम्र 48 साल निवासी ग्राम छडावद नरवाली थाना टांडा जिला धार मध्यप्रदेश। 

2. सूर्या उर्फ सुअर मोहनिया पुत्र बुधु मोहनिया उम्र 30 साल निवासी ग्राम पोहा थाना उदयगढ़ जिला अलिराजपुर मध्यप्रदेश। 

3. जालम मोहनिया पुत्र बुधु मोहनिया उम्र 32 साल निवासी ग्राम पोहा थाना उदयगढ़ जिला अलिराजपुर मध्यप्रदेश। 

4. चामसिंह बामनिया पुत्र ढूढीया बामनिया उम्र 30 साल निवासी ग्राम छडावद नरवाली थाना टांडा जिला धार मध्यप्रदेश। 

5. पेमली बाई पत्नी लाला मुएल उम्र 32 साल निवासी ग्राम पोहा थाना उदयगढ़ जिला अलिराजपुर मध्यप्रदेश। 

6. गम बाई पत्नी सेकू मुएल उम्र 43 साल ग्राम पोहा थाना उदयगढ़ जिला अलिराजपुर मध्यप्रदेश।

चोरी की सम्पत्ति खरीदी करने वाले आरोपी 

7. दिलीप सोनी पुत्र जमक सोनी उम्र 53 साल निवासी बोरी रोड़ पुलिस चैकी पारा थाना सिटी कोतवाली झाबुआ, मध्यप्रदेश। 

8. रोहित सोनी पुत्र दिलीप सोनी उम्र 28 साल निवासी बोरी रोड़ पुलिस चैकी पारा थाना सिटी कोतवाली झाबुआ, मध्यप्रदेश।