ऑटो संघ के चालक ने पेश की इमानदारी की मिसाल, चांदी के गहनों से भरा पर्स लौटाया, महिला ने आभार जताया


गणेश कुमार स्वामी   2024-04-16 07:54:04



छत्तीसगढ़ के कोरबा में ऑटो संघ इन दिनों अपने द्वारा किए गए नेक कार्यों के लिए काफी सुर्खियां बटोर रहा है। संघ के ऑटो चालक इन दिनों लगातार अपनी ईमानदारी के नमूने पेश कर रहे हैं। जिससे संघ की चौतरफा प्रशंसा हो रही है। एक बार फिर से एक ऑटो चालक ने चांदी के जेवरातों से भरा पर्स उसकी वास्तविक हकदार को लौटा दिया। 

दरअसल, भैषमा से बुधवारी वापसी के दौरान एक महिला गायत्री बरेठ का पर्स ऑटो में ही छूट गया था। जिसमें महिला द्वारा एक विवाह के लिए ख़रीदे गए गहने थे। पर्स गुमने के बाद महिला काफी परेशान हो गई थी। अपने स्तर पर काफी खोजबीन करने के बाद जब उसे सफलता नहीं मिली तब वह सीधे ऑटो संघ के कार्यालय पहुंची जहां संघ ने महिला को उसका गहनों से भरा पर्स लौटा दिया।

जिला ऑटो संघ के अध्यक्ष गिरजेश ठाकुर ने बताया, कि कृष्णा नगर निवासी ऑटो चालाक श्याम दास जब देर रात घर पहुंचा और अपने ऑटो की साफ-सफाई कर रहा था। तब उसे ऑटो में एक पर्स मिला जिसमें चांदी के गहने भरे हुए थे। उसने तत्काल वह पर्स जिला ऑटो संघ के हवाले किया। जहां महिला अपना पर्स ढूंढते हुए पहुंची। जिला ऑटो संघ अध्यक्ष द्वारा तसल्ली होने पर महिला को वह पर्स सम्मान पूर्वक वापस लौटा दिया। 

महिला को जैसे ही चांदी से भरा पर्स वापस लौटाया गया, उसके चेहरे पर मुस्कान खिल गई। महिला ने बताया कि परिवार में एक शादी है, जिसके लिए वह चांदी के गहने की खरीदारी कर लेकर जा रही थी। उसने ऑटो संघ को हृदय से धन्यवाद दिया।