चुनावों में कांग्रेस के टिकट बंटवारे में पायलट की होगी अहम भूमिका


गणेश कुमार स्वामी   2023-08-27 10:19:12



जयपुर, 27 अगस्त। राजस्थान विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशियों के नाम तय करने में पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। कांग्रेस आलाकमान ने चुनाव पर्यवेक्षक मधुसुदन मिस्त्री और स्क्रीनिंग कमेटी के प्रमुख गौरव गोगोई ने  इस बारे में संकेत दिए हैं। तीन सदस्यीय छानबीन समिति प्रदेश चुनाव समिति, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पायलट, कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं की ओर से सौंपे गए प्रत्याशियों के नामों की सूची पर विचार कर एक व दो नामों का पैनल तैयार करेगी।

सूत्रों के अनुसार कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी व महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मिस्त्री और गोगोई को संदेश दिया है कि आगामी चुनाव में युवाओं को अधिक से अधिक टिकट दिए जाएं। पिछले विधानसभा चुनाव में निर्दलीय चुनाव जीतने वालों के नामों पर विचार नहीं करने एवं लगातार दो चुनाव हारने वालों के नाम पैनल में नहीं रखने का संदेश भी दिया गया है।

पायलट की सूची पर राहुल करेंगे विचार

प्राप्त जानकारी के अनुसार स्क्रीनिंग कमेटी को पायलट द्वारा सौंपी जाने वाली प्रत्याशियों के नामों की सूची पर राहुल से बात करने के लिए कहा गया है। सदस्य ने बताया कि गहलोत और पायलट के बीच समान रूप से टिकट का बंटवारा किया जाएगा। दोनों के बीच जिन नामों पर सहमति नहीं बनेगी उन पर आलाकमान निर्णय करेगा।

सूत्रों के अनुसार कांग्रेस आलाकमान की ओर से पिछले दिनों करवाए गए सर्वे में सीएम के गृह संभाग जोधपुर में कांग्रेस की स्थिति कमजोर होने की बात सामने आई है। वहीं पायलट के प्रभाव वाले पूर्वी राजस्थान में कांग्रेस मजबूत स्थिति में बताई गई है। ऐसे में पूर्वी राजस्थान में अधिकांश टिकट पायलट की सलाह पर तय करने का संकेत भी दिया गया है। साथ ही अजमेर और कोटा संभाग के टिकट तय करने में भी पायलट की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

सूत्रों के अनुसार आलाकमान का मानना है कि गहलोत सरकार की योजनाएं काफी अच्छी है। इन योजनाओं के बल पर भाजपा को टक्कर दी जा सकती है। लेकिन सर्वे रिपोर्ट गहलोत खेमे के अधिकांश वर्तमान विधायकों के पक्ष में नहीं है।

धारीवाल और जोशी के टिकट पर खतरा

सीएम के विश्वस्त संसदीय कार्यमंत्री शांति धारीवाल, जलदाय मंत्री महेश जोशी व पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़ के टिकट पर खतरा बढ़ता जा रहा है। सूत्रों के अनुसार आलाकमान तीनों नेताओं से नाराज है। 

मौजूदा अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और अजय माकन पर्यवेक्षक के रूप में जयपुर पहुंचे थे। लेकिन धारीवाल, जोशी व राठौड़ ने विधायकों को बैठक में नहीं जाने दिया। ये सभी विधायकों को विधानसभा अध्यक्ष सी.पी.जोशी के आवास पर लेकर गए और वहां सभी से इस्तीफे दिलवा दिए। हालांकि बाद में यह मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया गया था। लेकिन अब आलाकमान तीनों नेताओं को टिकट देने के पक्ष में नहीं है।