रहस्यों से भरा है ये प्राचीन मंदिर, यहां की जाती थीं भविष्यवाणियां, दुनियाभर में था प्रसिद्ध


गणेश कुमार स्वामी   2024-01-18 08:30:37



दुनिया में कई रहस्यमयी जगहें और मंदिर हैं। इनमें सेंट्रल ग्रीस के डेल्फी में स्थित अपोलो का प्राचीन मंदिर शामिल है। जो दुनिया के सबसे प्रसिद्ध भविष्यवाणी के केंद्रो में शामिल था। यहां पर पूरी दुनिया से लोग अपना भविष्य जानने के लिए आते थे। यह मंदिर कभी बेहद भव्य था, लेकिन खंडहर होने के बावजूद इसके रहस्य बरकरार हैं। इस ऐतिहासिक स्थल को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग यहां आते हैं। 

किस देवता का था यह मंदिर? 

एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, यूनानी देवता अपोलो को यह मंदिर समर्पित था। इनको तीरंदाजी, भविष्यवाणी, कला, उपचार, प्रकाश और संगीत का देवता माना जाता है। अपोलोनियन के नाम से भी इस मंदिर को जाना जाता है। इसमें अपोलो का दैवज्ञ है, जहां पुजारिन पाइथिया भविष्यवाणियां करती थीं। यूनानी लोग डेल्फी को दुनिया का केंद्र मानते थे। दुनिया के लोग पाइथिया के जरिए अपना भविष्य जानने के लिए आते थे। 

कब हुआ था मंदिर का निर्माण

रिपोर्ट के मुताबिक, अपोलो का मंदिर काफी समृद्ध रहा। यह माउंट पारनासस की ढलान पर स्थित है। इस मंदिर का निर्माण करीब 650 ईसा पूर्व किया गया था।

आर्किटेक्ट ट्रोफोनियोस और अगामेडेस द्वारा मंदिर का निर्माण किया गया था। पैरियन संगमरमर से बना यह मंदिर डोरिक शैली का है। अपोलो का पवित्र मंदिर बनने से पहले यहां पर धरती की देवी गैया की पूजा की जाती थी। 

भविष्यवाणियों की वजह से अपोलो मंदिर दुनिया में प्रसिद्ध हुआ। अपोलो की पुजारिन पाइथिया ने यहाँ भविष्यवाणियां की थीं। बताया जाता है कि पाइथिया की भविष्यवाणियां बिल्कुल सटीक होती थीं और कभी गलत नहीं साबित हुईं। दरअसल, पाइथिया दैवीय और नश्वर दुनिया के बीच माध्यम का काम करती थीं।