हरियाणा में आज शाम को भी खुलेंगे स्कूल, चंद्रयान की लाइव लैंडिंग देखेंगे बच्चे


गणेश कुमार स्वामी   2023-08-23 04:59:58



हरियाणा में पहली बार बुधवार को शाम के समय सभी सरकारी स्कूल खोले जाएंगे। स्कूली बच्चे चंद्रयान 3 की लैंडिंग का कार्यक्रम देखेंगे। इसके लिए 23 अगस्त की शाम को एक घंटे के लिए स्कूल अलग से खुलेंगे। यह पहला ऐसा अवसर है, जब देर शाम स्कूल खोले जाएंगे।

केंद्र सरकार की ओर से विद्यार्थियों को चंद्रयान-3 मिशन की लाइव कवरेज दिखाने के लिए कहा गया है। इस आशय से केंद्र सरकार की ओर से आदेश जारी किए गए हैं।

स्कूल की ये रहेगी टाइमिंग

आदेश के तहत 23 अगस्त को शाम सवा पांच बजे से सवा छह बजे तक सरकारी स्कूल खोलने को कहा गया है। इस दौरान शाम पांच बजकर 20 मिनट पर चंद्रयान-3 चंद्रमा की सतह पर उतरेगा। चंद्रमा की सतह पर उतरने के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण बुधवार शाम पांच बजकर 20 मिनट से शुरू होगा।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का भी संबोधन होगा

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का राष्ट्र के नाम संबोधन भी होगा। केंद्र की ओर से जारी आदेश में प्रदेश के सभी स्कूलों और शिक्षण संस्थानों में स्टूडेंट्स और टीचर्स को विशेष सभा का आयोजन करके इस लाइव टेलीकास्ट में शामिल होने की बात कही गई है। साथ ही सभी स्कूलों के प्रधानाचार्य को पहले से इसके लिए जरूरी तैयारी पूरी करने को कहा गया है।